धार्मिक पर्यटन सर्किट विस्तार और वैश्विक पहचान सुदृढ़ करने पर जोर
नई दिल्ली: भारतीय हिंदू परिवार ने अपने विस्तार और सक्रियता को ध्यान में रखते हुए डॉ. भार्गव मल्लप्पा को राष्ट्रीय महासचिव पद पर नियुक्त किया है।
नियुक्ति के पश्चात राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एस. सेल्वागणेश और डॉ. मल्लप्पा ने नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की और देश के पर्यटन तंत्र को सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान भारत की वैश्विक पर्यटन पहचान को मजबूत करने, धार्मिक पर्यटन सर्किट का विस्तार करने तथा विशेष रूप से दक्षिणी राज्यों में पर्यटन आधारित आर्थिक विकास को गति देने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
नेताओं ने ‘विकसित भारत 2047’ के दृष्टिकोण के अनुरूप आधारभूत संरचना के आधुनिकीकरण, सतत पर्यटन स्थलों के विकास और नीतिगत पहलों की भी समीक्षा की।
डॉ. मल्लप्पा ने स्वदेश दर्शन 2.0, प्रसाद और उड़ान जैसी प्रमुख योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि पर्यटन आज आर्थिक विकास और रोजगार सृजन का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरा है। डॉ. सेल्वागणेश ने समन्वित नीतिनिर्माण तथा वेलनेस, ईको और एमआईसीई पर्यटन जैसे विशिष्ट क्षेत्रों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. मल्लप्पा की नई जिम्मेदारी से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन की सक्रियता और विकास संबंधी मुद्दों पर संवाद को और मजबूती मिलेगी।

